हैरान करने वाली खबर उत्तराखंड के ऋषिकेष से है, जिस पर परिजनों ने भरोसा कर अपनी बेटी को सौंपा था कि वो उनकी बेटी की जिंदगी को संवारने में मदद करेगा, लेकिन उसी ने परिजनों की इज्जत को ही तार तार कर दिया ।
मिली जानकारी के मुताबिक ट्यूटर की नीयत नाबालिग के प्रति पहले से ही खराब थी, और वह मौके की तलाश में रहा करता था । परिजन ये समझते रहे कि उनकी बेटी को ट्यूटर पढ़ा रहा है, लेकिन वह तो कुछ और ही गुल खिला रहा था। पढ़ाई के बहाने वह नाबालिग को अश्लील वीडियो दिखाया करता था।

लेकिन नाबालिग ने घटना के बारे में अपने परिजनों को बता दिया। जिसके बाद परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी ट्यूटर को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया । टिहरी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एसपी) उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि छात्रा के परिजन ने पुलिस में दर्ज अपनी शिकायत में कहा कि शिक्षक ने अपने मोबाइल पर आपत्तिजनक वीडियो दिखाकर उनकी 16 वर्षीय बेटी से बलात्कार किया।
उन्होंने कहा कि आरोपी कृष्ण उर्फ बासु के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (भादंसं) की धारा 376 और पॉक्सो कानून के तहत शुक्रवार को मामला दर्ज किया गया है। अधिकारी ने बताया कि उसे शनिवार सुबह मुनि की रेती पुलिस थाने से गिरफ्तार किया गया। अब पुलिस उसे जेल भेजने की तैयारी कर रही है ।