ये बात तो हर कोई जानता है कि हर समय एक सा नहीं होता है, अगर आपने अपने जीवन में दुख देखा है, तो सुख का अनुभव भी जरूर करेंगे। हॉलीवुड के सुपर स्टार सिलवेस्टर स्टेलॉन का हर कोई कायल है। अपने स्टाइल और एक्शन से उन्होनें देश ही नहीं विदेश के लोगों को भी अपना दीवाना बनाया है। रैम्बो सीरिज से सिल्वेस्टर ने दुनिया भर में लोकप्रियता हासिल की, लेकिन उनके जीवन में भी एक समय ऐसा था, जब उनके पास अपने घर का किराया देने तक का पैसा नहीं था।
सिल्वेस्टर ने अपने करियर के शुरुआती दौर में काफी स्ट्रगल किया है, इतना ही नहीं उन्होंने अपने जीवन की कई रातें न्यूयार्क के बस स्टैंड पर भी गुजारीं थी। सिल्वेस्टर पर बुरे समय का इतना प्रहार था कि, एक बार खाने तक के पैसे ना होने पर उन्होनें अपने कुत्ते Butkus को 40 डॉलर यानी 2500 रुपये में बेच दिया था।
कुत्ते से बहुत ज्यादा लगाव होने की वजह से जब वो उसे बेचकर घर वापस लौटे तो वो रोने लगे। मजबूरी की वजह से अपने कुत्ते को बेचना यह पल शायद उनके लिए सबसे बुरा था। खबरों की मानें तो उन दिनों सिल्वेस्टर इतने परेशान थे कि उन्होनें एक बार अपने पत्नी के गहने भी चोरी करने की कोशिश की थी।
अपने बुरे समय का दौर खत्म करने के लिए सिलवेस्टर ने उस समय के मशहूर रेस्लर मोहम्मद अली और चक वेपनर के बीच हुए एक मुकाबले से प्रेरित होकर फिल्म ‘रॉकी’ की स्किप्ट लिखी। आपको बता दें कि इस फिल्म की स्क्रिप्ट उन्होंने महज 20 घंटों में लिखी थी। इस फिल्म की स्क्रिप्ट के बाद से ही उनके दिन बदलने शुरू हो गए।

सिल्वेस्टर की इस स्क्रिप्ट को एक फेमस प्रॉडक्शन हाउस ने 17 लाख रुपये में खरीदने की पेशकश की, लेकिन फिल्म की स्क्रिप्ट को बेचने के लिए सिल्वेस्टर ने एक शर्त रखी, शर्त में उन्होंने कहा कि फिल्म में बतौर हीरो का रोल दिया जाए, जिसके बाद प्रॉडक्शन हाउस ने उनकी इस शर्त को यह कहकर ठुकरा दिया कि वह देखने में फनी नजर आते हैं।
इसके बाद सिल्वेस्टर ने फिल्म की स्क्रिप्ट देने से मना कर दिया, लेकिन इसके बाद उसी प्रोडक्शन हाउस ने सिल्वसटर को पहले से 6 लाख रुपये ज्यादा यानी कि 23 लाख देने की पेशकश की और साथ ही उन्हें हीरो का रोल भी ऑफर किया। इस फिल्म की रिलीज के बाद फिल्म ने कई सारे रिकॉर्ड अपने नाम किए।

कामयाबी हासिल करने के बाद सिल्वेस्टर ने अपने बेचे हुए कुत्ते को दुबारा से पाने की कोशिश की, उन्होनें उसे जिस दुकान पर बेचा था वहां जाकर उसके बारे में पता करने की भी कोशिश की थी। काफी मेहनत के बाद जब उन्हें अपने प्यारे कुत्ते के बारे में पता चला तो कुत्ते के नए मालिक ने उनसे 15 हजार डॉलर यानी करीब 10 लाख रुपये की मांग की। सिल्वेस्टर ने अपने कुत्ते को पाने के लिए खुशी-खुशी पैसे तक दे दिए थे। एक इंटरव्यू में सिल्वेस्टर ने बताया था कि 1981 में उनके कुत्ते की मौत हो गई थी।