कभी-कभी घर की दीवार क्या छिपाने के लिए बनाई जाती है ये समझना मुश्किल हो जाता है। बिहार की राजधानी पटना में हुई एक घटना तो कुछ ऐसा ही सोचने को मजबूर करती है। पिता द्वारा तीन नाबालिग बेटियों के साथ छेड़छाड़ व दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया है। परेशान बेटियों ने स्थानीय थाने में गुहार लगाई है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने आरोपित पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
16, 15 व 14 साल की बेटी के साथ किया गंदा काम

खगौल थाना क्षेत्र का रहने वाला आरोपी दानापुर स्टेशन परिसर में मोची का काम करता है, अपनी 16, 15 व 14 वर्षीय तीन नाबालिग बेटियों के साथ छेड़छाड़ व दुष्कर्म करता है।
लोकलाज के डर से छिपाई बात
पति की हरकत को जानते हुए भी लोकलाज के डर से पत्नी चुप रही। इससे दुष्कर्मी की हरकतें बढ़ती रहीं। छोटी बेटी जब 12 वर्ष की थी उस समय उसके साथ दुष्कर्म किया था। बेटी को बचाने के लिए मां ने उन्हें नानी के घर भेज दिया। करीब डेढ़ वर्ष के बाद जब तीनों नानी घर से वापस आईं तो पिता की हरकतें फिर शुरू हो गईं। जब मामला बढ़ गया तो मां तीनों बेटियों को लेकर बुधवार को खगौल थाने पहुंची । खगौल थानाध्यक्ष मुकेश कुमार आरोपित पिता को गिरफ्तार कर थाने ले आए। थानाध्यक्ष ने बताया कि पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। महिला पुलिस पदाधिकारी के समक्ष पीडि़त लड़कियों का बयान दर्ज करवा आरोपित को जेल भेज दिया गया है।