Saturday, June 6, 2020

हद पार हैवानियत : पति ने जबरन पिलाई शराब और 4 दोस्तों से करा दिया गैंगरेप

केरल (Kerala) की राजधानी तिरुवनंतपुरम में शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां पति ने 25 वर्षीय महिला को कथित रूप से जबरन शराब पिलाई, जिसके बाद चार दोस्तों ने उसके साथ गैंगरेप (Gangrape) किया। इस दौरान दरिंदगी की हद पार करते हुए महिला के शरीर को सिगरेट से जलाया भी है। पुलिस ने मामले में शुक्रवार को सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने बताया कि घटना गुरुवार की है, संदेह है कि आरोपियों ने महिला के पांच साल के बच्चे की भी पिटाई की है, जो घटना के वक्त वहां मौजूद था। उधर, केरल राज्य महिला आयोग ने इस गैंगरेप को लेकर अपने यहां भी मामला दर्ज किया है। पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि उसका पति उसे और दोनों बच्चों को लेकर गुरुवार को पुथुकुरिची के पास बीच पर गया। बाद में वह सभी को लेकर पास स्थित अपने दोस्त के घर गया जहां महिला को जबरन शराब पिलाई गई। इसके बाद महिला के बड़े बेटे के सामने पति के दोस्तों ने उसके साथ गैंगरेप किया।

राहगीर ने कार से पहुंचाया घर
पुलिस के मुताबिक, महिला को एक राहगीर ने सड़क किनारे शराब के नशे में देखा और अपनी कार से उसे उसके घर पहुंचाया। फिर उसने पुलिस को पूरी घटना की सूचना दी। राहगीर ने बाद में कुछ समाचार चैनलों को बताया कि महिला रो रही थी और उसके चेहरे पर चोट के निशान थे, वह मदद मांग रही थी।

आरोपियों ने महिला के शरीर को सिगरेट से जलाया
कादीनमकुलम थाने के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि तथ्यों की जांच करने के बाद गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस ने महिला का बयान दर्ज कर लिया गया है। उसे उपचार के बाद जिला अस्पलात से छुट्टी दे दी गई है। महिला ने टीवी चैनल को बताया कि आरोपियों ने उसके शरीर को सिगरेट से जलाया है।