Monday, June 8, 2020

लॉकडाउन में प्रेमी जोड़े ने घर से भगाकर रचाई शादी, फिर मालगाड़ी के डिब्बे में इस हाल में पकड़े गए दोनों

कोरोना संक्रमण के चलते जहां संपूर्ण देश मे लॉकडाउन जारी है और आवागमन बंद है। ऐसे में एक प्रेमी जोड़ा गुपचुप तरीके से उत्तर प्रदेश के आगरा से एक मालगाड़ी में छिपकर महाराष्ट्र के नासिक जाने के लिए निकल पड़ा। मालगाड़ी यूपी से चलकर राजस्थान पहुंच गई पर मालगाड़ी के डिब्बे में छिपे प्रेमी युगल का किसी को पता नहीं चला।

दिल्ली-मुंबई रेलवे लाइन स्थित हिंडौन सिटी रेलवे स्टेशन के नजदीक एक क्रॉसिंग पर गेटमैन की नजर माल गाड़ी के डिब्बे में रोमांस करते प्रेमी युगल पर पड़ गई।



प्रेमी युगल को रेलवे पुलिस ने हिण्डौन रेलवे स्टेशन पर उतार लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने उनके परिजनों को सूचना दी तथा प्रेमी जोड़े को गंगापुर सिटी रेलवे स्टेशन पहुंचाया है।

जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के कुर्रा थाना अंतर्गत तखरऊ गांव निवासी 19 वर्षीय युवक सहदेव कटेरिया एवं मैनपुरी जिले के बरनाल थाना अंतर्गत प्रहलादपुर गांव निवासी 18 वर्षीय युवती आरती कटेरिया एक दूसरे से प्रेम करते थे।

युवक ने बताया कि एक दिन पहले घर से भागकर उसने अपनी प्रेमिका के साथ शादी कर ली। फिर मुंबई में रहने वाले अपने रिश्तेदारों के घर जाने का निर्णय किया। परिवार जनों को बिना बताए युवक-युवती पहले आगरा पहुंचे वहां से मुम्बई जाने के लिए एक मालगाड़ी ट्रेन के डिब्बे में बैठ गए।

रेलवे कर्मचारियों को इसकी सूचना लगने पर आरपीएफ ने युवक युवती को हिण्डौन सिटी रेलवे स्टेशन पर उतार लिया तथा पूछताछ के बाद दोनों के परिजनों को फोन पर सूचना देकर गंगापुर सिटी थाना भेज दिया। जीआरपी थानाधिकारी लक्ष्मण सिंह का कहना है कि संबंधित थाना पुलिस व परिजनों के आने के बाद प्रेमी युगल को उनके सुपूर्द कर दिया जायेगा। लॉकडाउन में भी प्रेमी युगल अपनी जान की परवाह किये बिना मालगाड़ी में छिपकर यात्रा कर रहे थे पर गेटमैन की सतर्कता के चलते प्रेमी युगल पकड़ा गया।