Sunday, June 7, 2020

खेलते-खेलते कुएं में गिर गया डेढ़ साल का मासूम, मां ने देखा तो लगा दी छलांग, बाहर निकाल लाई लेकिन.

सूरजपुर जिले के रामानुजनगर थाना अंतर्गत अलग-अलग गांव में हुई 2 घटनाओं में एक मासूम व एक अधेड़ की कुएं में डूबने से मौत हो गई। पहली घटना में मां की आंखों के सामने खेलते-खेलते उसका मासूम बेटा कुएं में गिर गया, बेटे को बचाने मां ने कुएं में छलांग लगा दी। वह उसे बाहर भी निकाल लाई लेकिन कुछ ही देर बाद उसकी मौत (Innocent son death) हो गई। दूसरी घटना में घर से निकले एक ग्रामीण की जंगल के पास कुएं में लाश मिली।
सूरजपुर जिले के रामानुजनगर थानांतर्गत ग्राम बरबसपुर निवासी चंद्रपाल राजवाड़े का डेढ़ वर्षीय पुत्र रवि घर की बाड़ी में खेल रहा था। जबकि उसकी मां वहीं काम कर रही थी। खेलते-खेलते मासूम अचानक कुएं में जा गिरा। आवाज सुनकर मां ने बेटे को बचाने कुएं में छलांग दी। उसने बेटे को कुएं से बाहर भी निकाल लिया, लेकिन कुछ देर बाद ही उसकी मौत हो गई। मासूम बेटे की मौत से माता-पिता व अन्य परिजनों में मातम पसर गया है। मां गोद में बेटे को लेकर बिलखती रही, यह देख वहां मौजूद लोगों की आंखों में भी आंसू आ गए।

कुएं के बाहर पड़ा था चप्पल व शॉल
दूसरी घटना में ग्राम पंचवटी निवासी 42 वर्षीय दिलबरन पिता दुलार घर से जंगल जाने के लिए निकला था, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजन उसे खोजते हुए कुएं के पास पहुंचे तो उसका चप्पल व शॉल बाहर दिखने पर आशंका हुई। फिर उन्होंने कुएं में झग्गर डाला तो उसका शव बाहर आ गया। दोनों मामलों में पुलिस मार्ग कायम कर जांच कर रही है।