Friday, June 5, 2020

TikTok ने गुमशुदा पिता को मिला दिया उसके बेटे से, 2 साल पहले अपने परिवार से बिछड़ गया था शख्स

इंटरनेट की दुनिया में इन दिनों TikTok vs YouTube विवाद खूब जोर पकड़ रहा है। सोशल मीडिया पर बहुत से लोग टिक टॉक को भारत में बैन करने की बात कर रहे हैं। लेकिन वहीं दूसरी तरफ यह एक परिवार के लिए वरदान साबित हो गया। दरअसल ऐसा इसलिए क्योंकि टिक टॉक की वीडियो की मदद से एक दिव्यांग व्यक्ति अपने परिवार से मिल पाया।
दरअसल तेलंगाना के भद्राद्री कोठागुडेम का रहने वाला एक दिव्यांग व्यक्ति भटक कर पंजाब के लुधियाना शहर में पहुंच गया। जहां वह एक फ्लाईओवर के नीचे रहने लगा। यहां और भी बहुत से लोग रहते थे। उन्होंने उस शख्स से वहां पर आने की वजह पूछी, उससे उसका पता पूछा, लेकिन उन्हें कोई भी जानकारी नहीं मिल पाई। बाद में पता चला कि शख्स को बोलने और सुनने में दिक्कत है। इसके बाद लोगों ने उसे वहीं पर रहने दिया। वहां पर वह बाकी लोगों के साथ भीख में मिले भोजन के साथ गुजारा करने लगा।
कई महीने बीते, साल बीता और फिर देश में कोरोना वायरस ने अपनी दस्तक दी। कोरोनावायरस के कारण देश में लॉकडाउन लग गया। ऐसे में फ्लाईओवर के नीचे रहने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ गई। वे अब पुलिस के भरोसे रहने लगे। कभी कोई आकर उन्हें खाना दे जाता तो कभी भूखे ही रात गुजारनी पड़ती।
पंजाब पुलिस में कांस्टेबल अजैब सिंह अपने रोजाना के रूटीन के तहत फ्लाईओवर के नीचे रहने वाले लोगों को खाना देने आ जाते। खाना देने के साथ अजैब ने एक वीडियो भी बनाया। यह वीडियो उन्होंने टिक टॉक पर शेयर किया और देखते ही देखते वीडियो वायरल हो गया।
एक दिन शख्स के गांव के ही रहने वाले एक व्यक्ति ने उस वीडियो को देख लिया और उन्होंने शख्स की पहचान कर ली। तुरंत ही उसके घरवालों को सूचना दे दी। जिसके बाद शख्स की पहचान हो पाई।
शख्स के घरवालों ने पुलिस की मदद से उसे वापस अपने घर बुला लिया। उसके परिवार वालों ने बताया कि वह उसे 2 साल से ढूंढ रहे थे, लेकिन उसका कुछ भी पता नहीं चला। वीडियो देखने के बाद वे फॉरेन पंजाब गए और पुलिस की मदद से उसे वापस घर ले आए। शख्स का बेटा बोला कि उन्हें लग रहा था कि वे अपने पिता से कभी नहीं मिल पाएंगे। लेकिन एक वीडियो के कारण उनके पिता वापस घर आ गए।