Friday, June 5, 2020

मां-बाप को ठेले में बैठा बनारस से बिहार पहुंचा 11 साल का तबारक, 9 दिनों में तय किया 550 KM का सफर

 घायल पिता और एक आंख से दिव्यांग मां को ठेले पर बैठाकर 11 साल के तबारक ने 550 किलोमीटर का सफर तय किया। बनारस से 9 दिनों के सफर के बाद तबारक बिहार के अररिया जिला पहुंचा। यहां अपने घर जोकीहाट पहुंचने पर उसे परिवार समेत उदा हाईस्कूल में क्वारंटाइन कर दिया गया। जोकीहाट के विधायक ने तबारक को पांच हजार रुपए और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। विधायक ने बताया कि तबारक का हौसला वाकई चकित कर देने वाला है। तबारक बताया कि घर लौटना मजबूरी था, इसलिए हिम्मत जुटाकर चलते रहे। तबारक ने बताया, मेरे पिता मोहम्मद इसराफिल बनारस में ठेला चलाने के साथ मजदूरी भी करते थे। मजदूरी के दौरान पैर पर पत्थर गिर गया जिसकी वजह से वह घायल हो गए थे। पैरे में चोट की वजह से वह काम करने से असमर्थ हो गए।
इधर, मां भी परेशान हो गई। वह पिता से मिलने के लिए बेचैन थींमां को बेचैन देखकर तबारक लॉकडाउन से पहले ट्रेन से मां को लेकर बनारस चला गया था। इसके लगभग एक सप्ताह बाद लॉकडाउन शुरू हो गया। तबारक ने बताया कि पिता के घायल होने की वजह से उनके पास पहले ही पैसों की दिक्कत थी। लॉकडाउन के बाद परिवार में खाने का भी संकट खड़ा हो गया। एक दिन तबारक ने अपने बीमार पिता और दिव्यांग मां को ठेले पर बिठाया और घर की ओर चल पड़ा। ठेले पर माता-पिता को लेकर चलने के बाद उसे काफी तकलीफें हुईं। रातें पेट्रोल पंप पर गुजरती थीं। किसी रात वे खुद खाना बनाते तो कभी कोई खाना दे जाता।
9 दिन के सफर के बाद आखिरकार तबारक अपने माता-पिता को लेकर अपने घर जोकीहाट पहुंचा। उसे परिवार समेत उदा हाई स्कूल में क्वारंटाइन कर दिया गया। जोकीहाट के विधायक ने तबारक को पांच हजार रुपए और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। उधर, ग्रामीणों ने कहा किबिहार सरकार तबारक की पढ़ाई का खर्च उठाए।