Tuesday, June 9, 2020

टीम इंडिया के इस खिलाड़ी को मारना चाहते थे शोएब अख्तर, कहा- कमरे की डुप्लीकेट चाभी बना ली थी

 पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर (Shoaib Akhtar) जब क्रिकेट के मैदान पर उतरते थे तो उनपर पूरी दुनिया की नजरें होती थीं और अब रिटायरमेंट के बाद भी ये तेज गेंदबाज सुर्खियों में बना रहता है. सोमवार को शोएब अख्तर ने एक सोशल मीडिया लाइव सेशन के दौरान ऐसा खुलासा किया कि हर कोई हैरान रह जाएगा. शोएब अख्तर ने कहा कि वो दांबुला में टीम इंडिया के ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह को मारना चाहते थे और इसके लिए उन्होंने उनके होटल के कमरे की डुप्लीकेट चाभी भी बनवा ली थी.

अख्तर का बड़ा खुलासा
साल 2010 एशिया कप के दौरान शोएब अख्तर (Shoaib Akhtar) और हरभजन सिंह (Harbhajan Singh) के बीच नोंकझोंक हो गई थी. इसी घटना को याद करते हुए शोएब अख्तर ने हेलो लाइव पर खुलासा किया कि उन्हें इतना गुस्सा आ गया था कि वो हरभजन सिंह को मारने के लिए उनके कमरे में भी गए थे. शोएब अख्तर ने कहा, 'दांबुला में मैं मुझे हरभजन सिंह पर बड़ा गुस्सा आ गया था और मैं उन्हें मारने के लिए उनके कमरे में गया था. उनके कमरे की मैंने चाभी बनवाई थी लेकिन वो मुझे मिले नहीं. उस दिन हरभजन मिलते तो बहुत पिटते.'

मोहम्मद आसिफ को मारा था बल्लाशोएब अख्तर (Shoaib Akhtar) ने हेलो एप से बातचीत के दौरान कुबूल किया कि उन्होंने मोहम्मद आसिफ को बैट मारा था. शोएब ने कहा, 'मेरी 15 सालों में किसी से लड़ाई नहीं हुई लेकिन उस दिन मोहम्मद आसिफ ने हदें पार कर दी थी और मैंने गुस्से में आकर उन्हें बल्ला मार दिया था. उसे तो और मारना चाहिए था. लेकिन आज मुझे लगता है कि ऐसा नहीं होना चाहिए था.' शोएब अख्तर ने खुलासा किया उन्होंने बकिंघम पैलेज में पूर्व ऑफ स्पिनर सकलैन मुश्ताक का गला पकड़ लिया था और मोहम्मद यूसुफ से भी उनकी लड़ाई हुई थी.

'शोएब को पीटने आए थे पाकिस्तानी खिलाड़ी'
शोएब अख्तर (Shoaib Akhtar) ने खुलासा किया कि साल 2000 में 6 सीनियर खिलाड़ी उन्हें पीटने आए थे. शोएब ने बताया कि एक बहुत बड़ा ओपनिंग बल्लेबाज 5 खिलाड़ियों के साथ मुझे बैट से मारने आया था. शोएब ने कहा, '2000 में 6 सीनियर खिलाड़ी, बहुत बड़ा ओपनर बल्लेबाज मुझसे लड़ने आ गया, बल्ला मारने आ गया, उन लोगों को तकलीफ थी कि लड़कियां, मीडिया मेरे पीछे ही रहती हैं. मुझे ड्रेसिंग रूम में काफी कुछ सहना पड़ा.'

पीसीबी पर लगाया गंभीर आरोप
शोएब अख्तर (Shoaib Akhtar) ने पीसीबी और पाकिस्तानी टीम मैनेजमेंट पर भी गंभीर आरोप लगाया. अख्तर ने खुलासा किया कि ऑस्ट्रेलिया दौरे पर किसी और खिलाड़ी ने लड़की से बलात्कार की कोशिश की थी लेकिन उनका नाम मीडिया में आ गया. शोएब बोले कि पीसीबी को पता था कि किस खिलाड़ी ने ये हरकत की है लेकिन इसके बावजूद उन्होंने मीडिया के सामने उनका नाम पाक साफ नहीं किया. शोएब अख्तर ने आरोप लगाया कि उनके साथ खिलवाड़ हुआ, राजनीति हुई और उन्हें बेवकूफ बनाया गया.