Tuesday, June 9, 2020

इस पूर्व कप्तान ने कहा- धोनी से अच्छे विकेटकीपर और बल्लेबाज दिनेश कार्तिक लगते थे...

23 दिसंबर 2004, ये वो तारीख है जब एमएस धोनी (MS Dhoni) ने इंटरनेशनल क्रिकेट में पहली बार कदम रखा था. बांग्लादेश के खिलाफ डेब्यू करने से पहले धोनी ने इंडिया ए के लिए जबर्दस्त प्रदर्शन किया था और वो सीरीज जिम्बाब्वे में हुई थी. उस सीरीज में धोनी को जिम्बाब्वे के पूर्व कप्तान ततेंदा ताइबू ने भी खेलते देखा था. ताइबू ने उस सीरीज को याद करते हुए बड़ी बात कही है. ताइबू ने कहा कि उन्होंने जब धोनी को पहली बार देखा था तो वो दिनेश कार्तिक से कम स्वाभाविक विकेटकीपर और बल्लेबाज लगे थे.

ताइबू ने धोनी पर कही ये बड़ी बातपूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज ताइबू (Tatenda Taibu) ने 'स्पोर्ट्स रुलर यू-ट्यूब चैनल पर कहा, 'मैंने धोनी को पहली बार तब देखा था जब वह भारत ए टीम के साथ आये थे. मुझे लगा कि कार्तिक धोनी से ज्यादा स्वाभाविक है. कार्तिक विकेटकीपिंग और बल्लेबाजी में अधिक स्वाभाविक लगते हैं.' ताइबू ने इसके बाद धोनी की तकनीकी क्षमता का जिक्र किया. उन्होंने कहा, 'धोनी जब विकेटकीपिंग करते हैं तब भी उनका तरीका थोड़ा अलग होता है. आमतौर पर कीपिंग के समय विकेटकीपरों की दोनों हाथों कि छोटी अंगुली एक साथ रहती है लेकिन धोनी के साथ ऐसा नहीं है. लेकिन अलग तकनीक के बाद भी वह कैच पकड़ते हैं और पलक झपकते ही गिल्लियां बिखेर देते हैं.' बता दें एमएस धोनी कभी विकेटकीपिंग की प्रैक्टिस नहीं करते थे. वो नेट्स पर हमेशा गेंदबाजी और बल्लेबाजी की ही प्रैक्टिस करते हैं.

ताइबू ने कहा कि धोनी की बल्लेबाजी के साथ भी ऐसा ही है. उनकी तकनीक अलग है लेकिन आंख-हाथ का सामंजस्य और मानसिक मजबूती कमाल की है. उन्होंने कहा, 'आमतौर पर अगर आपका तरीका अलग है तो कोच बदलाव लाने के लिए कहते हैं लेकिन धोनी के आंकड़े सबको गलत साबित करते हैं. एमएस धोनी ने अपने करियर में 90 टेस्ट में 38 से ज्यादा की औसत से 4876 रन बनाए, जिसमें 6 शतक शामिल हैं. वहीं वनडे में धोनी ने 50 से ज्यादा की औसत से 10,773 रन बनाए. टी20 में भी धोनी ने 37 से ज्यादा की औसत से 1617 रन ठोके.'गिलक्रिस्ट अच्छे बल्लेबाज थे, विकेटकीपर नहीं'
ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज एडम गिलक्रिस्ट के बारे में पूछे जाने पर ताइबू (Tatenda Taibu) ने कहा, 'गिलक्रिस्ट नैसर्गिक बल्लेबाज थे लेकिन नैसर्गिक विकेटकीपर नहीं थे. वह बल्लेबाजी की तुलना में विकेटकीपिंग का अभ्यास ज्यादा करते थे.'